अमृत मिशन से शहर की पेयजल व्यवस्था होगी और मजबूत, टंकियों व पाइपलाइन विस्तार से मिलेगी राहत

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर पालिक निगम द्वारा अमृत मिशन के तहत शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। पाइपलाइन विस्तार, ओवरहेड टंकी निर्माण और अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर एवं नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

नगर निगम के अनुसार अब तक कई क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था में सुधार देखा गया है, जबकि शेष इलाकों में भी कार्य प्रगति पर है। विशेषकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में पानी के कम दबाव की समस्या के समाधान के लिए पाइपलाइन विस्तार कार्य तेजी से किया जा रहा है।

वहीं आवश्यकता वाले क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान भी मांग के अनुरूप पानी की व्यवस्था की जा रही है। कॉलोनियों के संपवेल तक भी टैंकरों से जल पहुंचाया जा रहा है।

नगर निगम ने बताया कि शहर के विस्तार और बढ़ती आबादी को देखते हुए नई पानी टंकियों के निर्माण एवं अतिरिक्त पाइपलाइन विस्तार कार्यों को शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद शहर की पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं स्थायी रूप से सुदृढ़ होगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :