शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और शादी का झांसा देकर लगातार शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को लालबाग थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में छिपा हुआ था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा।

मामले की जानकारी के अनुसार, गत 5 सितंबर 2026 को पीड़िता के दादा ने लालबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग पोती को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

महाराष्ट्र में छिपा था आरोपी, पुलिस ने कसा शिकंजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस की टीम गठित की गई।

जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 26 अक्टूबर को पीड़िता को महाराष्ट्र से सकुशल बरामद किया। पूछताछ और चिकित्सकीय जांच के बाद मामले में धारा 87, 64(ड), 65(1) बीएनएस तथा 4, 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।

पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजा गया जेल
पुलिस ने मामले के आरोपी सागर साहू (25 वर्ष), पिता स्व. श्यामलाल साहू (मूल निवासी ग्राम सुखरी, थाना लालबाग, हाल पता— महाकाली कॉलोनी, यूको बैंक शिव मंदिर के पास, थाना रामनगर, जिला चंद्रपुर, महाराष्ट्र) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग का शारीरिक शोषण करने का अपराध स्वीकार कर लिया।

अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश जांगड़े, उप निरीक्षक शारदा बंजारे, प्रधान आरक्षक प्रभात तिवारी, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव और महिला आरक्षक पेमिन मंडावी की मुख्य भूमिका रही।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!