नालंदा परिसर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, आकांक्षी शौचालय जल्द होंगे शुरू

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने मंगलवार को शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नालंदा परिसर के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा मेडिकल कॉलेज एवं पुष्पवाटिका में निर्मित आकांक्षी शौचालयों को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने नालंदा परिसर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रथम चरण में प्रथम तल की स्लैब का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण में भूतल की स्लैब के लिए सेंटरिंग का कार्य चल रहा है। इस पर आयुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 500 सीटर लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है, इसलिए कार्य में गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्माण को समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने नियमित पानी तराई एवं निर्माण कार्य की सतत निगरानी करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद आयुक्त ने मेडिकल कॉलेज परिसर और पुष्पवाटिका में निर्मित आकांक्षी शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत आमजन को सर्वसुविधायुक्त शौचालय उपलब्ध कराए जाने हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुष्पवाटिका में 10 सीटर तथा मेडिकल कॉलेज में 6 सीटर महिला एवं पुरुष शौचालय बनाए गए हैं। इसके अलावा दिव्यांगजनों के लिए अलग शौचालय, मूत्रालय, चेंजिंग रूम तथा शिशु देखभाल कक्ष की सुविधा भी विकसित की गई है।

आयुक्त ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर शौचालयों को आमजन के उपयोग के लिए प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही मेडिकल कॉलेज परिसर एवं पुष्पवाटिका में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :