सुशासन तिहार : मोहड़ शिविर में उमड़ी भीड़, एक ही वार्ड से आए 149 आवेदन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ के अंतर्गत वार्ड स्तरीय जन समस्या निवारण शिविरों को शहर में भारी जन-प्रतिक्रिया (प्रतिसाद) मिल रहा है। आयोजन के अंतिम चरण में आज मोहड़ स्कूल परिसर में केवल मोहड़ वार्ड के लिए ही विशेष शिविर लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में वार्डवासी अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। शिविर में कुल 149 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 136 आवेदन विकास कार्यों व मांगों से संबंधित तथा 13 आवेदन शिकायत संबंधी थे।

महापौर मधुसूदन यादव ने शिविर में पहुंचकर सभी विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्डवासियों के बीच बैठकर सीधे उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का कराया अन्नप्राशन
शिविर के दौरान सामाजिक सरोकार और खुशहाली का नजारा भी देखने को मिला। महापौर व अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से वार्ड की गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रूप से गोदभराई की। इसके साथ ही नवजात शिशुओं को कटोरी-चम्मच से खीर खिलाकर उनका ‘अन्न प्राशन’ संस्कार कराया गया। इस दौरान महापौर ने उपस्थित सभी नागरिकों, युवाओं और महिलाओं को नशा मुक्ति के लिए संकल्प दिलाते हुए जीवन में कभी नशा न करने की शपथ दिलाई।

पट्टा संबंधी आवेदन सबसे ज्यादा, प्राथमिकता से होगा निराकरण
वार्डवासियों को संबोधित करते हुए महापौर श्री यादव ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के द्वार तक पहुंच रहा है। आज के शिविर में पट्टे की मांग को लेकर सबसे अधिक आवेदन मिले हैं, जिनका परीक्षण कर शासन के नियमानुसार निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा बिजली, पानी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों से जुड़े आवेदनों की प्राथमिकता तय कर उन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सुबह से ही निगम और जिला प्रशासन के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी शिविर में मुस्तैद रहकर लोगों की परेशानियां सुन रहे हैं। शिविर समाप्ति के बाद सभी आवेदनों को सॉर्ट (छंटनी) कर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
आज आयोजित इस शिविर में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह (पारस वर्मा), कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, वार्ड पार्षद संजय रजक, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पूर्व पार्षद अलख चंद्राकर सहित नगर निगम एवं जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डवासी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :