राजनांदगांव। नगर पालिक निगम द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में वार्ड नंबर 16 तुलसीपुर में अधोसंरचना मद के अंतर्गत 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नाले का भूमिपूजन किया गया। महापौर मधुसूदन यादव ने निगम अध्यक्ष व वार्ड पार्षद टोपेंद्र सिंह (पारस वर्मा) समेत अन्य जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों की उपस्थिति में श्रीफल फोड़कर व गैती चलाकर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
बारिश से पहले जलभराव की समस्या होगी दूर
भूमिपूजन के अवसर पर महापौर श्री यादव ने कहा कि शासन द्वारा संस्कारधानी राजनांदगांव में विकास कार्यों के लिए अधोसंरचना एवं अधोसंरचना उपकर निधि के अंतर्गत राशि स्वीकृत की गई है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. रमन सिंह तथा सांसद संतोष पांडेय की अनुशंसा पर उनकी निधि के माध्यम से वार्डों में जनहित के विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
महापौर ने बताया कि वार्ड नंबर 16 के लिए स्वीकृत राशि में से 25 लाख रुपए की लागत से तुलसीपुर रेलवे क्रॉसिंग से डॉ. बंधे के घर तक नाला निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस कार्य को जल्द से जल्द प्रारंभ कर समय पर पूरा किया जाए, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में वार्ड का पानी आसानी से निकल सके और स्थानीय निवासियों को जलभराव की समस्या से मुक्ति मिल सके।
अतिथियों का हुआ आत्मीय स्वागत
भूमिपूजन कार्यक्रम के शुभारंभ पर वार्डवासियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया। स्थानीय नागरिक सर्वश्री मदन जैन, किशुन लाल साहू, हर्ष कुमार रामटेके, कमल सिन्हा, मनीष मानिकपुरी, अंशुल कसार, हेमसिंह ठाकुर, सुमन सिन्हा, कैलाश बाई सिन्हा, सोन बाई देवांगन, राम बाई देवांगन, अमित चौबे, कान्हा अग्रवाल, बुधराम साहू और सोहन नेताम ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट किए।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस विकास कार्य के भूमिपूजन के अवसर पर मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव, समाजसेवी सुमित भाटिया, पूर्व नामांकित पार्षद संजय लड़वन सहित निगम के उप अभियंता तिलक राज ध्रुव एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।

