मस्ती की पाठशाला में गूंजा उत्साह, पारंपरिक खेलों और जुम्बा डांस का बच्चों ने लिया आनंद

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम द्वारा प्रत्येक रविवार आयोजित की जा रही “मस्ती की पाठशाला” में इस बार भी बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों का उत्साह देखने को मिला। विभिन्न पारंपरिक खेलों, योग, चित्रकला और जुम्बा डांस जैसी गतिविधियों में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर मनोरंजन के साथ स्वास्थ्य का संदेश दिया।

पाठशाला में बच्चों और बड़ों ने गेंड़ी दौड़, बाटी-चम्मच दौड़, स्पंज से पानी भरने की प्रतियोगिता, रस्साकशी और बाल डालने जैसे पारंपरिक खेलों का आनंद लिया। वहीं पिट्ठुल, रिंग टॉस, सांप-सीढ़ी, बैडमिंटन, तीरंदाजी और कराटे जैसी गतिविधियों में भी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। नन्हे बच्चों ने झूले और फिसलपट्टी का आनंद लिया, जबकि बुजुर्गों ने योग के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जुम्बा डांस रहा, जहां बच्चे, युवा और महिलाएं छत्तीसगढ़ी गीतों की धुन पर देर तक थिरकते नजर आए। बड़ी संख्या में बच्चों ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। पाठशाला में बंदर, गोरिल्ला और मिकी माउस की वेशभूषा में कलाकार भी बच्चों का मनोरंजन करते दिखाई दिए।

महापौर मधुसूदन यादव, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त अतुल विश्वकर्मा एवं पार्षदों ने पाठशाला पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया तथा चित्रकला प्रतियोगिता के बच्चों को पुरस्कृत किया। इस दौरान महिलाओं और युवाओं ने मस्ती की पाठशाला के आयोजन की सराहना करते हुए नगर निगम को धन्यवाद दिया।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि मस्ती की पाठशाला में लगातार बढ़ रही सहभागिता यह दर्शाती है कि लोगों में स्वस्थ मनोरंजन और पारंपरिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ रही है। उन्होंने नागरिकों से 14 जून को आयोजित होने वाली अंतिम मस्ती की पाठशाला में परिवार सहित शामिल होने की अपील की।

आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि सामाजिक संगठनों, खेल संघों और नागरिकों के सहयोग से पाठशाला का सफल संचालन हो रहा है। अंतिम आयोजन को भी यादगार बनाने के लिए सभी विभागों का सहयोग लिया जाएगा।

कार्यक्रम को सफल बनाने में बॉडी टेक जिम, रिदम रिवोल्यूशन ग्रुप, पतंजलि भारत स्वाभिमान न्यास, योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, मदर टेरेसा ग्रुप, ब्लड डोनर संघ, यामिनी कला केंद्र, राजनांदगांव रनर्स ग्रुप सहित हॉकी, कराटे और तीरंदाजी संघों का विशेष सहयोग रहा। पाठशाला में बड़ी संख्या में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग अपने परिवारों के साथ उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :