कर्तव्यनिष्ठ सेवाओं के लिए सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में बुधवार को आयोजित सम्मान समारोह में राजनांदगांव पुलिस परिवार के दो वरिष्ठ सदस्यों को सेवानिवृत्ति पर भावभीनी विदाई दी गई। पुलिस कार्यालय के मुख्य लिपिक निरीक्षक (अ) दरवेस कामडे तथा प्रधान आरक्षक रामदयाल सेन के अधिवार्षिकी आयु पूर्ण करने पर उनका सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके लंबे और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर विभाग की गरिमा बढ़ाई है। उनकी सेवाएं राजनांदगांव पुलिस परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।

पुलिस अधीक्षक ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के स्वस्थ, सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नई जीवन यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन, रक्षित निरीक्षक लोकेश कुमार कसेर सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त अधिकारियों के योगदान को याद करते हुए उनके दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना की।

अपने दोस्तों को शेयर करें :