राजनांदगांव। खोए हुए मोबाइल फोन में केवल पैसा ही नहीं, बल्कि परिवार की अमूल्य यादें, महत्वपूर्ण दस्तावेज और निजी सामग्रियां भी सुरक्षित होती हैं। जब यह अचानक गुम हो जाए, तो वापस मिलने की उम्मीद न के बराबर रह जाती है। लेकिन राजनांदगांव की बसंतपुर थाना पुलिस ने आधुनिक तकनीक और मुस्तैदी के बल पर 18 परिवारों के चेहरों पर एक बार फिर मुस्कान बिखेर दी है। पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर करीब 3 लाख रुपये मूल्य के 18 गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए हैं।
विशेष अभियान को मिली बड़ी सफलता
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में गुम मोबाइलों की पतासाजी के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम को यह महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी। पुलिस ने भारत सरकार के केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (CEIR) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 18 मोबाइल हैंडसेट ट्रैक कर बरामद किए।
मोबाइल पाकर खिले आवेदकों के चेहरे
थाना परिसर बसंतपुर में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में निरीक्षक एमन साहू एवं थाना स्टाफ की उपस्थिति में सभी बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।
आवेदकों ने कहा: “मोबाइल में हमारे जरूरी दस्तावेज और परिवार की तस्वीरें थीं। हमें विश्वास नहीं था कि यह कभी वापस मिल पाएंगे। पुलिस की इस तत्परता ने हमारा खोया हुआ भरोसा और खुशियां दोनों लौटा दी हैं।”
सभी आवेदकों ने राजनांदगांव और बसंतपुर पुलिस की इस तकनीकी दक्षता और कार्यप्रणाली की जमकर सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस की आम जनता से अपील
“यदि किसी भी नागरिक को रास्ते में या कहीं भी कोई गुम मोबाइल फोन मिलता है, तो उसका अवैध रूप से उपयोग बिल्कुल न करें। उसे तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में जमा कराएं। आपकी एक सजगता किसी जरूरतमंद व्यक्ति तक उसका मोबाइल सुरक्षित पहुंचाने में पुलिस की मदद कर सकती है।”
— बसंतपुर पुलिस प्रशासन
टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल रिकवरी अभियान में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू, सीसीटीएनएस आरक्षक श्रवण पैकरा, आरक्षक फागूराम साहू, ललित रावटे, भुनेश्वर जायसी, चन्द्रशेखर श्रीवास और कुश बघेल सहित थाना स्टाफ की विशेष व सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गुम मोबाइलों की तलाश के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

