राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर पुलिस, RPF और GRP की संयुक्त मॉक ड्रिल

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने और सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के उद्देश्य से राजनांदगांव रेलवे स्टेशन परिसर में एक वृहद संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के नेतृत्व में जिला पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल (RPF), शासकीय रेल पुलिस (GRP) और रेलवे विभाग के आला अधिकारियों ने मिलकर इस सफल अभ्यास को अंजाम दिया। इस दौरान स्टेशन परिसर समेत दो प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों की भी सघन सुरक्षा जांच की गई।

दो ट्रेनों में चली सघन चेकिंग, डॉग स्क्वायड रहा मुस्तैद
मॉक ड्रिल के दौरान स्टेशन पहुंचे सुरक्षा अमले ने मुंबई से भुवनेश्वर जाने वाली लोकमान्य तिलक स्पेशल ट्रेन एवं बिलासपुर से दिल्ली जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस की बोगियों में प्रवेश कर सुरक्षा जांच की। इसके साथ ही स्टेशन के मुख्य परिसर, वेटिंग रूम और प्लेटफार्म पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। खोजी कुत्तों (डॉग स्क्वायड) और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वायड (BDDS) की टीम ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

जब अचानक पैदा हुई भगदड़ और लावारिस बैग की स्थिति
इस संयुक्त मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे स्टेशन पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण अचानक भगदड़ मचने, यात्रियों के बेहोश होने और एक संदिग्ध लावारिस बैग मिलने जैसी गंभीर आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक (लाइव) दृश्य तैयार किया गया था।

त्वरित एक्शन और सुरक्षित निकासी:
स्थिति निर्मित होते ही जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने मोर्चा संभाला। सुरक्षा घेराबंदी (कॉर्डन) करते हुए भीड़ को नियंत्रित किया गया। आपातकालीन निकासी मार्ग (इवेक्यूएशन रूट) और फुट ओवर ब्रिज (FOB) के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। बेहोश यात्रियों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई।

विभागों के बीच बेहतर तालमेल ही मुख्य उद्देश्य
राजनांदगांव पुलिस के अनुसार, इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी अप्रिय या आपातकालीन स्थिति में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों और विभागों के मध्य बेहतर तालमेल स्थापित करना है। इसके जरिए सुरक्षा रिस्पांस टाइम को मापा गया, जो पूरी तरह सफल रहा। इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या अव्यवस्था नहीं हुई और यात्रियों की चेकिंग बेहद व्यवस्थित तरीके से पूरी की गई।

अभ्यास में शामिल रहे ये अधिकारी
इस महत्वपूर्ण संयुक्त अभ्यास में राजनांदगांव पुलिस के रक्षित निरीक्षक लोकेश कसेर, कोतवाली थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार, बसंतपुर थाना प्रभारी एमन साहू, लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल, तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी दिलीप पटेल शामिल थे। वहीं रेलवे की ओर से आरपीएफ प्रभारी तरुणा साहू, जीआरपी से जनक लाल तिवारी, बीडीडीएस टीम, डॉग स्क्वायड और राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के सुपरवाइजर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मुस्तैद रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :