कलेक्ट्रेट में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर 2.60 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्ट्रेट में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर 2.60 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में पुलिस चौकी सुकुलदैहान द्वारा की गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लिटिया निवासी रविचंद्र मंडले ने 2 अप्रैल 2026 को पुलिस चौकी सुकुलदैहान में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वार्ड नंबर-12 स्टेशनपारा चिखली निवासी प्रकाश गजभिये (33) ने कलेक्ट्रेट में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाकर उससे अलग-अलग तिथियों में कुल 2 लाख 60 हजार रुपये ले लिए। आरोपी ने यह राशि यूपीआई और नगद माध्यम से प्राप्त की थी।

प्रार्थी की शिकायत पर चौकी सुकुलदैहान थाना लालबाग में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 197/26 के तहत धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी और प्रार्थी के बीच हुई बातचीत का ऑडियो पेन ड्राइव में जब्त किया। वहीं बैंक स्टेटमेंट के माध्यम से लेन-देन की पुष्टि भी हुई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के मार्गदर्शन में बुधवार को सुकुलदैहान पुलिस ने आरोपी प्रकाश गजभिये को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना कोतवाली राजनांदगांव में अपराध क्रमांक 913/23 के तहत धारा 507 भादवि का मामला दर्ज है। कार्रवाई में निरीक्षक भूषण चंद्राकर, उप निरीक्षक चंपेश ठाकुर, आरक्षक महेंद्र साहू, राजेश साहू सहित सुकुलदैहान स्टाफ की भूमिका रही।

एसपी ने लोगों से की अपील

एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार के लालच में आकर अनजान व्यक्तियों को पैसे न दें और ऐसे मामलों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :