डोंगरगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध अंग्रेजी शराब के साथ आदतन अपराधी गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आदतन अपराधी को बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

हनुमान मंदिर के पास हुई नाकाबंदी
पुलिस को 9 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भीमनगर निवासी रवि शेंडे अपनी बाइक से मेढ़ा भट्ठी की ओर से भारी मात्रा में शराब लेकर डोंगरगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में डोंगरगढ़ पुलिस ने प्रज्ञागिरी तिराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोककर तलाशी ली गई।

भारी मात्रा में शराब बरामद
जांच के दौरान आरोपी रवि शेंडे के पास मौजूद थैले से 45 पाव ‘गोवा स्पेशल’ अंग्रेजी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 8.100 बल्क लीटर है, जिसकी बाजार मूल्य करीब 5,400 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त टीवीएस राइडर बाइक (CG 08 BG 1509) को भी जब्त कर लिया है। जब्त शराब और बाइक की कुल कीमत 1,05,400 रुपये बताई गई है।

आदतन अपराधी है रवि शेंडे
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रवि शेंडे (29 वर्ष), निवासी भीम नगर डोंगरगढ़, एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध पूर्व में भी डोंगरगढ़ थाने में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया है।

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया है कि उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्षेत्र में अवैध जुआ, सट्टा और शराब बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह मुहिम आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :