राजनांदगांव की अंशिका त्रिपाठी ने सीनियर कत्थक एकल नृत्य प्रतियोगिता में मारी बाजी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कला-संस्कृति की समृद्ध नगरी राजनांदगांव की होनहार बेटी अंशिका त्रिपाठी ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग स्थित गोरख रंगमंच, भानु भवन में 30 मई से 2 जून तक आयोजित अखिल भारतीय नृत्य एवं कला प्रतियोगिता में उन्होंने सीनियर कत्थक एकल नृत्य वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
अध्य डांस एकेडमी की प्रशिक्षु अंशिका ने गुरू स्वाति मैडम के मार्गदर्शन में नृत्य की बारीकियों को आत्मसात कर यह उपलब्धि हासिल की है। अंशिका की इस सफलता से जिले में खुशी की लहर है और कला प्रेमियों में गर्व का भाव।
अंशिका त्रिपाठी, श्रीमती उषा एवं रामप्रकाश त्रिपाठी की सुपुत्री हैं। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर परिजन श्वेता उपाध्याय ने हर्ष जताते हुए कहा कि बेटी अंशिका ने पूरे परिवार का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। हम उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं।
प्रतियोगिता में अंशिका के अलावा अन्य छत्तीसगढ़ी कलाकारों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में प्रदेश का परचम लहराया, लेकिन अंशिका का पहला स्थान जिले के लिए खास उपलब्धि बन गया है।
शहरवासियों, गुरुजनों और शुभचिंतकों ने अंशिका को ढेरों बधाइयां देते हुए कहा कि उसकी यह उपलब्धि अन्य नवोदित कलाकारों के लिए प्रेरणास्रोत है।
राजनांदगांव की कला भूमि से निकली अंशिका ने यह साबित कर दिया कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से किसी भी मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!