राजनांदगांव। हिंदू जागरण मंच द्वारा वीर शिरोमणि और हिंदू स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती आरके नगर चौक पर हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को नमन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक योद्धा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और स्वतंत्रता के प्रखर प्रतीक हैं। उन्होंने कभी विषम परिस्थितियों में भी घुटने नहीं टेके, उनका जीवन हमें धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वस्व न्योछावर करने की प्रेरणा देता है। मंच के पदाधिकारियों ने आह्वान किया कि आज की युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के जीवन से राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का पाठ सीखना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और महाराणा प्रताप अमर रहें के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे वीर शिरोमणि के आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाएंगे।
इस गरिमामयी आयोजन में सुशील लड्ढा, प्रवीण शर्मा, दिनेश झूलन, सविता बोस, कमलेश साहू, भोला यादव, रिंकू तिवारी, विष्णु सिन्हा, जुगल गुप्ता, प्रभात गुप्ता, राजा राज सोनकर, अरुण राय, संजय मिश्रा, नीलू साहू, आशीष टिंकू सोनी, ऋषभ मल, आशीष तिवारी, अक्ष गुप्ता, तुईशा वंदिले, अनीता सिन्हा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

