शिवनाथ नदी किनारे रेत का अवैध खेल, खनिज विभाग ने दबिश देकर 2 माजदा वाहन किए जप्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के सख्त तेवर के बाद जिले में खनिज माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। खनिज विभाग की टीम ने डोंगरगांव क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली शिवनाथ नदी के तटवर्ती गांवों में दबिश देकर रेत के अवैध भंडारण और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच कर अवैध रेत से लदे दो माजदा वाहनों को जप्त कर थाना डोंगरगांव के सुपुर्द किया गया है।

ग्रामीणों की शिकायत पर मोतीपुर में जांच
खनिज विभाग को सूचना मिली थी कि शिवनाथ नदी किनारे स्थित ग्राम मोतीपुर, नांदिया और धनगांव में रेत का अवैध खेल चल रहा है। टीम ने जब मोतीपुर स्थित शिवनाथ नदी के पास दबिश दी, तो ग्रामीणों ने बताया कि नदी से रेत निकालकर पानी टंकी के पास अवैध भंडारण किया जा रहा है। जांच में वहां लगभग 18 ट्रिप रेत का अवैध स्टॉक पाया गया।

परिवहन करते रंगे हाथों पकड़ाए वाहन
निरीक्षण के दौरान टीम ने पाया कि अवैध भंडारण स्थल से रेत का परिवहन किया जा रहा है। इस पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने दो वाहनों को रोका।

वाहन 01: माजदा (CG 04 RL 7909), स्वामी- लोकेश निर्मलकर, चालक- रेखचंद।

वाहन 02: माजदा (CG 09 JC 0764), स्वामी- शंकर देवांगन, चालक- सोमेश नायक।

उक्त दोनों वाहनों के पास परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण उन्हें जप्त कर लिया गया।

अधिनियम के तहत होगी कड़ी कार्रवाई
खनि अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए दोनों वाहनों के मालिकों और चालकों के विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण को रोकने के लिए जिले भर में गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :