सुशासन तिहार 2026 : डोंगरगांव में जनसमस्या निवारण शिविर, मौके पर हुआ 10 आवेदनों का निराकरण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत डोंगरगांव नगर पंचायत के इंदिरा गांधी प्रियदर्शिनी भवन में विशाल जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नागरिकों की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

वार्ड 1 से 6 तक के नागरिक पहुंचे, मिले 103 आवेदन
शिविर में विशेष रूप से नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 से 6 तक के रहवासियों ने हिस्सा लिया। दिन भर चले इस शिविर में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इनमें 91 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित थे, जबकि 12 आवेदन शिकायतों के प्राप्त हुए। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते मौके पर ही 10 आवेदनों का निराकरण कर हितग्राहियों को राहत पहुंचाई गई।

राजस्व विभाग के स्टॉल पर रही सबसे ज्यादा भीड़
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग के पास पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से पट्टा वितरण और भूमिहीन कृषक मजदूर योजना का लाभ लेने के लिए नगरवासियों में उत्साह देखा गया।

जनप्रतिनिधियों ने लिया जायजा
शिविर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा और नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी ने स्टॉलों का भ्रमण कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुँच रही हैं।

अधिकारी रहे उपस्थित
शिविर में एसडीएम श्रीकांत कोर्राम, तहसीलदार कमल किशोर साहू, सीएमओ विनम्र जेमा सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही नगर पंचायत उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष गुलशन हिरवानी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नगरवासी मौजूद थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :