बुजुर्ग महिला से 5.42 लाख की ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक बुजुर्ग महिला की जीवनभर की जमा-पूंजी डकारने वाले शातिर ठग को लालबाग पुलिस ने धर दबोचा है। आरोपी ने निवेश और बीमा का झांसा देकर प्रार्थिया से कुल 5 लाख 42 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

निवेश के नाम पर बिछाया जाल
मामला थाना लालबाग क्षेत्र का है, जहाँ ग्राम चमारराय टोला निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला फगनी बाई साहू ने धोखाधड़ी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी महेश राम वर्मा (49 वर्ष), निवासी मोतीपुर, ने खुद को निवेश एवं बीमा विशेषज्ञ बताकर उसे अपने जाल में फंसाया। आरोपी ने वर्ष 2014 से 2023 के बीच अलग-अलग किश्तों में प्रार्थिया से कुल 5,42,000 रुपये ऐंठ लिए।

फर्जी बांड पेपर थमाकर देता रहा झांसा
ठगी को अंजाम देने के लिए आरोपी ने बकायदा फर्जी बांड पेपर और दस्तावेज तैयार किए थे, जिन्हें उसने प्रार्थिया को सौंपकर भरोसा दिलाया कि उसकी रकम सुरक्षित है और समय आने पर दोगुनी होकर मिलेगी। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी महिला को लाभ नहीं मिला, तब उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस की शरण ली।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर व नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में लालबाग पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कदम उठाए।

पूछताछ में कबूला जुर्म
विवेचना के दौरान जब आरोपी महेश राम वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस को जांच में आरोपी के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार करने के पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना लालबाग में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 165/2026 के तहत धारा 420 (धोखाधड़ी), 467, 468 (कूटरचना) भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार (07 मई 2026) को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।

सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, ए.पी. शीला, आरक्षक कमल किशोर यादव और बर्मा प्रसाद का विशेष योगदान रहा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :