राजनांदगांव। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में पुलिस टीम ने स्कूली ऑटो चालकों और विद्यार्थियों को रोककर यातायात सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक समझाइश दी।
इस दौरान यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों के स्कूल बैग ऑटो के बाहर पीछे की ओर न लटकाएं, जिससे किसी अन्य वाहन से टकराने पर हादसे की आशंका बने। चालकों को ऑटो के भीतर ही सामान और बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था करने के साथ-साथ निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे न बैठाने की ताकीद की गई।
बच्चों से अपील: चलती गाड़ी से शरीर का कोई अंग बाहर न निकालें
पुलिस अधिकारियों ने स्कूली बच्चों को भी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। बच्चों से कहा गया कि ऑटो में सफर के दौरान अपने हाथ, पैर या सिर को वाहन से बाहर न निकालें। चलती गाड़ी से शरीर बाहर निकालना बेहद जोखिम भरा हो सकता है और इससे गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
लापरवाही बरतने पर होगी दंडात्मक कार्रवाई
यातायात पुलिस ने चालकों को स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने या यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ मोटर यान अधिनियम के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए इस प्रकार का जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।


