उर्स ड्यूटी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 200 पुलिसकर्मी सम्मानित, एसपी ने थपथपाई पीठ

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर के पारीनाला दरगाह में आयोजित पांच दिवसीय उर्स कार्यक्रम को शांति, सौहार्द और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में जिला पुलिस द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने उत्कृष्ट कर्तव्यपरायणता दिखाने वाले 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

निष्ठा और समर्पण ही विभाग की असली शक्ति
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जवानों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि आपकी निष्ठा और कर्तव्यपरायणता ही पुलिस विभाग की वास्तविक शक्ति है। विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य और अनुशासन बनाए रखते हुए शांति व्यवस्था कायम रखना ही पुलिस की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान जिस समर्पण के साथ ड्यूटी की गई, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है और इससे आमजन में सुरक्षा व विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हुआ है।

एसपी ने सुनीं समस्याएं, त्वरित निराकरण के निर्देश
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने केवल अधिकारियों का सम्मान ही नहीं किया, बल्कि संवेदनशील रुख अपनाते हुए जवानों से संवाद भी किया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत समस्याओं की विस्तृत जानकारी ली। एसपी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए दिशा-निर्देश जारी किए। अपने बीच मुखिया को पाकर और अपनी समस्याओं पर संवेदनशीलता देख कई कर्मचारी भावुक भी नजर आए।

ये रहे उपस्थित
पारीनाला दरगाह में 21 से 25 अप्रैल तक आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सम्मान समारोह के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक अलेक्जेंडर किरो, पुलिस अधीक्षक के.पी. मरकाम एवं एंब्रोस कुजूर विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाया जाता है, ताकि वे भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ जनसेवा कर सकें।

अपने दोस्तों को शेयर करें :