डीजे पर डांस के दौरान विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या, पुलिस ने नाबालिग समेत दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगढ़। खुशियों भरी बारात उस वक्त मातम में बदल गई जब डीजे पर डांस करने के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। बीच-बचाव करने आए दो अन्य युवक भी इस हमले में घायल हुए हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक अपचारी बालक और उसे हथियार मुहैया कराने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात ग्राम रामटोला में खैरागढ़ जिले के सांकरा से बारात आई हुई थी। रात लगभग 8:15 बजे बारात गांव में भ्रमण कर रही थी और लोग डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। इसी दौरान मृतक योनिश सिन्हा और सांकरा निवासी एक अपचारी बालक (17 वर्ष) के बीच पुरानी रंजिश को लेकर धक्का-मुक्की और वाद-विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बालक ने अपने साथी कृपाला वर्मा द्वारा दिए गए धारदार हथियार से योनिश पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
हमले में योनिश को गंभीर चोटें आईं। घायल को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए रेमन देवांगन और युवराज यादव भी घायल हुए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया। मामले में मुख्य आरोपी अपचारी बालक के साथ ही 25 वर्षीय कृपाला वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसने घटना के समय चाकू देकर अपराध में सहयोग किया था।

धाराओं के तहत मामला दर्ज
डोंगरगढ़ पुलिस ने प्रार्थी मंगलेश सिन्हा की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 109 (उकसाना या सहयोग करना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले की विवेचना जारी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :