राजनांदगांव। नगर पालिक निगम की विशेष सम्मेलन (सामान्य सभा) की बैठक नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 30 के तहत 30 अप्रैल 2026 गुरुवार को पूर्वान्ह 11:30 बजे से निगम सभागृह में आयोजित की जाएगी। बैठक में तीन प्रमुख विषयों पर चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।
नगर निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में लोक सेवा केन्द्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन आवेदनों की स्वीकृति, वर्ष 2026-27 में नगर निगम क्षेत्र में संपत्तिकर की दरों में एमआईसी द्वारा संशोधित दरों की पुष्टि, तथा महिला सशक्तिकरण जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम की महत्ता एवं प्रस्ताव पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन विषयों पर विचार-विमर्श के बाद आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे, जो नगर के विकास एवं प्रशासनिक कार्यों से जुड़े होंगे।
नगर निगम अध्यक्ष ने बैठक में महापौर, आयुक्त, नेता प्रतिपक्ष, महापौर परिषद के प्रभारी सदस्य, पार्षद, सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि, पत्रकारों तथा अधिकारी-कर्मचारियों से उपस्थित रहने की अपील की है।

