लू से बचाव के लिए महापौर की अपील, सावधानी बरतने की सलाह

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर में बढ़ती गर्मी और आगामी दिनों में लू की संभावना को देखते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने नगरवासियों से सावधानी बरतने की अपील की है।

महापौर ने कहा कि इस वर्ष गर्मी का असर अधिक महसूस किया जा रहा है और तापमान बढ़ने के साथ लू चलने की आशंका भी बनी हुई है। उन्होंने बताया कि लू का प्रभाव विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों पर अधिक होता है, इसलिए सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

उन्होंने लू के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि तेज बुखार, सिर में दर्द और भारीपन, चक्कर आना, उल्टी, शरीर दर्द, भूख कम लगना और अधिक प्यास लगना इसके प्रमुख लक्षण हैं। कई बार स्थिति गंभीर होने पर व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना आवश्यक है।

महापौर ने बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि नागरिक यथासंभव घर के अंदर ही रहें और धूप में निकलने से बचें। बाहर निकलने की स्थिति में सिर और कानों को कपड़े से ढकें, हल्के और सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें।

उन्होंने यह भी सलाह दी कि अधिक पसीना आने पर ओआरएस घोल का सेवन करें और चक्कर आने पर छायादार स्थान पर आराम करें। इसके अलावा लस्सी, मठा, शीतल पेय और मौसमी फलों जैसे तरबूज, ककड़ी आदि का सेवन करने की अपील की गई।

महापौर ने कहा कि उल्टी, बुखार या सिर दर्द की स्थिति में नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में जांच करानी चाहिए। साथ ही मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से वार्डों में उपलब्ध निःशुल्क उपचार और दवा का लाभ लेने की भी अपील की गई है।

उन्होंने नगरवासियों से लू से बचाव हेतु सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :