राजनांदगांव। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें चार्ज अधिकारियों, सहायक चार्ज अधिकारियों और संबंधित कर्मचारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, जिम्मेदारियों और निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना का कार्य सुव्यवस्थित, त्रुटिरहित और तय समय-सीमा में पूरा करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, रायपुर के संयुक्त निदेशक दीपक बी. गोदे और सहायक निदेशक कविन्द्र कुमार रंगारी ने मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण दिया। उन्होंने जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के दायित्वों और कार्य के सुचारू संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य में आपसी समन्वय बनाए रखने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के महत्व पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियों का निर्वहन सावधानीपूर्वक करने तथा कार्य में त्रुटियों की संभावना कम करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर कलेक्टर प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर पालिक निगम आयुक्त जीआर मरकाम, जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम), तहसीलदार, नगर पालिकाओं के मुख्य नगर पालिका अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक और तकनीकी सहायक उपस्थित थे।





