निगम आयुक्त ने वार्डों का किया आकस्मिक निरीक्षण, पानी-सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा ने सोमवार की सुबह लखोली, कंचनबाग और जनता कालोनी में आकस्मिक निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने वार्डवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और समाधान के निर्देश दिए।

आयुक्त ने जनता कालोनी में सड़क और नाली में रखे बिल्डिंग मटेरियल को देखकर संबंधित पर 500 रुपए जुर्माना लगाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पेयजल आपूर्ति के दौरान आयुक्त ने वाल्वमेन को निर्देश दिए कि टंकी पूरी भरने के बाद ही पानी सप्लाई करें और सप्लाई क्षेत्र में जाकर पाइपलाइन की जाँच करें। किसी भी तरह की कमी या गंदा पानी मिलने पर संबंधित अधिकारी को तुरंत सूचित करें।

साफ-सफाई निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने वार्ड प्रभारी को सार्वजनिक शौचालय और तालाब के आस-पास नियमित सफाई और गलियों एवं नालियों से कचरा उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि घर का कचरा सड़क या नाली में न डालें और स्वच्छता दीदीयों द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण कराएं।

आयुक्त ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि साफ-सुथरा घर और स्वच्छ वार्ड सभी की जिम्मेदारी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!