राजनांदगांव। शासन के निर्देशानुसार “सही दवा-शुद्ध आहार-यही छत्तीसगढ़ का आधार” थीम के तहत जिले में 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने अभियान के पहले दिन राजनांदगांव शहर के आठ प्रसाधन सामग्री विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सामग्री की गुणवत्ता, खरीदी-बिक्री के अभिलेख और नियमानुसार संचालन की जांच की गई।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश दिए कि खरीदी-बिक्री बिल के साथ गुणवत्तापूर्ण सामग्री का क्रय-विक्रय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का कड़ाई से पालन करने पर भी जोर दिया गया।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि यह अभियान जिले में स्वास्थ्य मानकों के पालन और उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण है।

