जिले में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य, कलेक्टर ने जमाखोरी और अधिक वसूली पर कड़ी चेतावनी दी

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिले में घरेलू गैस आपूर्ति की समीक्षा की। बैठक में ऑयल कंपनी के सेल्स ऑफिसर, जिला खाद्य अधिकारी, सहायक खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक और जिले की 15 गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

ऑयल कंपनी के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और मांग के अनुसार नियमित वितरण हो रहा है। फरवरी 2026 में 98,774 और मार्च 2026 में 93,133 सिलेंडरों की रिफिलिंग की गई।

कलेक्टर ने डिलीवरी में विलंब की शिकायतों पर 3 एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए। अधिकांश एजेंसियां बुकिंग के एक सप्ताह के भीतर सिलेंडर वितरित कर रही हैं, जबकि जेके एंड संस एचपी गैस, होम प्राइड इंडेन गैस और प्रोमिनेंट गैस डोंगरगढ़ में डिलीवरी में देरी की समस्या है। कलेक्टर ने समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही कलेक्टर ने सभी एजेंसियों को चेतावनी दी कि जमाखोरी न करें और उपभोक्ताओं से अधिक शुल्क वसूल न करें। डिलीवरी में अनियमितता पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के अधिकारियों को गैस गोदामों का नियमित निरीक्षण करने और सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है।

उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 या हेल्पलाइन 1967 पर दर्ज करा सकते हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :