नीलगिरी पार्क में नीलकंठ महादेव और हनुमान मंदिर का होगा जीर्णोद्धार : महापौर ने 5 लाख के कार्यों का किया भूमिपूजन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। धार्मिक आस्था के केंद्रों को सहेजने और उनका जीर्णोद्धार करने की कड़ी में नगर निगम द्वारा विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 22 स्थित नीलगिरी पार्क कॉलोनी के नीलकंठ महादेव एवं हनुमान मंदिर का 5 लाख रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया जाएगा। सोमवार को महापौर मधुसूदन यादव ने कॉलोनीवासियों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।

आस्था के केंद्रों का संवर्धन सरकार की प्राथमिकता : महापौर

भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा स्वीकृत राशि से शहर के मंदिरों का कायाकल्प कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनआस्था को ध्यान में रखते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और सांसद संतोष पांडेय की अनुशंसा पर मंदिरों के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव भेजा गया था। स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराए जा रहे हैं।

कॉलोनीवासियों में हर्ष, पार्षद ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद श्रीमती प्रियंका कुरंजेकर ने महापौर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मंदिर के जीर्णोद्धार की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है। इससे कॉलोनीवासियों में खुशी की लहर है। भूमिपूजन से पहले स्थानीय निवासियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पार्षद श्रीमती अपूर्वा श्रीवास्तव, पूर्व पार्षद अतुल रायजादा, रिभय यादव, पार्षद प्रतिनिधि पंकज कुरंजेकर, समीर श्रीवास्तव, उप अभियंता अनुप पांडेय सहित टीकाराम त्यागी, रामजी गजबल्ला, सुधीर शेंडे, संदीप झीरसागर, बीरबल ठाकुर, शीतल गौतम, अश्वनी झीरसागर, अर्चना सिंह व बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :