राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में राजनांदगांव पुलिस द्वारा कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत ग्राम कोठीटोला में जनहितकारी पहल की गई।
घने जंगलों और दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्थित कोठीटोला में पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कम्युनिटी पुलिसिंग गतिविधियों से ग्रामीणों में विश्वास और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हो रहा है।
इसी क्रम में गांव के बच्चों और युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए बैट, बॉल एवं अन्य खेल सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को खेलों की ओर प्रेरित करना और उन्हें नशा एवं असामाजिक गतिविधियों से दूर रखना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम कोठीटोला के सरपंच रामलाल ताड़ेकर, सचिव मायाराम, ग्राम पटेल गैदूराम पुजारी, पंच चंद्रावती घावड़े, ईश्वर पुजारी सहित ग्रामीण पप्पू मांडवी और बीरेंद्र यादव उपस्थित रहे। इस दौरान 40 से अधिक ग्रामीण मौजूद थे।
पुलिस की ओर से कैंप कोठीटोला से प्रधान आरक्षक भूपेंद्र कुमार ठाकुर, तोरण पटेल, राकेश कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिस कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की जनहितकारी गतिविधियों के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग को और मजबूत किया जाएगा।

