महारानी लक्ष्मी बाई स्कूल परिसर हुआ अतिक्रमण मुक्त, नए भवन निर्माण का मार्ग प्रशस्त

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग ने शहर स्थित महारानी लक्ष्मी बाई शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराया। वर्षों से चले आ रहे अवैध कब्जों पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई संपन्न की।

कलेक्टर ने परिसर का निरीक्षण कर नवीन भवन निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। इस भवन के निर्माण के लिए 121.16 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

स्कूल परिसर में स्थित पुराने और जर्जर शासकीय आवासों पर कुछ कर्मचारियों द्वारा लंबे समय से अवैध कब्जा था। प्रशासन ने कई नोटिस जारी करने के बाद अंतिम 10 दिन का नोटिस दिया और नियमानुसार कब्जा हटाया। जर्जर भवनों को लोक निर्माण विभाग की सहायता से ध्वस्त किया गया।

अतिक्रमण मुक्त परिसर में नए भवन के निर्माण से आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को आधुनिक और सुरक्षित शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि एवं संपत्तियों पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

अपने दोस्तों को शेयर करें :