
*राजनांदगांव में नियमों को ताक पर रखकर दौड़ रहे मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट और तेज रफ्तार बाइक राइडर्स पर कार्रवाई को लेकर उठ रहे सवाल*
राजनांदगांव। दिवाली पर पटाखों की गूंज के बीच शहर की सड़कों पर तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट और तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों पर यातायात पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शहरवासियों के मन में सवाल है कि जब पटाखों की आवाज को लेकर सतर्कता बरती जाती है, तो नियमों के विपरीत तेज आवाज करने वाले साइलेंसर और सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक दौड़ाने वालों पर यातायात पुलिस कितनी सख्ती दिखाएगी?
शहर के प्रमुख मार्गों और रिहायशी इलाकों में तेज आवाज वाले साइलेंसर तथा तेज रफ्तार बाइक से आम लोगों को परेशानी होने की शिकायतों के बीच यातायात पुलिस की भूमिका अहम हो जाती है। ऐसे वाहन चालकों पर केवल सामान्य जांच तक सीमित रहने के बजाय नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
अब सवाल यह है कि क्या यातायात पुलिस दिवाली के दौरान विशेष जांच अभियान चलाएगी? क्या नियमों के विपरीत लगाए गए साइलेंसर वाले वाहनों पर कार्रवाई होगी और तेज रफ्तार में बाइक चलाकर दूसरों की सुरक्षा खतरे में डालने वाले राइडर्स पर शिकंजा कसा जाएगा? शहरवासियों को यातायात पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई का इंतजार है।





