राजनांदगांव। संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने आज अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय डोंगरगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने राजस्व अभिलेखों के संधारण, नामांतरण और विभाजन प्रकरणों की स्थिति, लंबित प्रकरणों की संख्या और जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
संभागायुक्त ने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और त्रुटि-सुधार संबंधित मामलों में पक्षकारों को अनिवार्य रूप से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए, ताकि सुनवाई और समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर सेवा प्रदान करना प्राथमिकता होनी चाहिए। राजस्व से जुड़ी जनसुविधाओं का समाधान संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ करना जरूरी है।
इस मौके पर एसडीएम श्रीकांत कोराम सहित अन्य अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।

