कलेक्टर ने अवर्धा और बोटेपार जलाशय की नहर लाइनिंग का किया निरीक्षण

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने आज अवर्धा जलाशय और बोटेपार जलाशय से निकलने वाली निर्माणाधीन पक्की नहर लाइनिंग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नहर की कुल लंबाई, निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति और डेम की क्षमता का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहर लाइनिंग कार्य निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि किसानों को आगामी सीजन में बेहतर सिंचाई सुविधा मिल सके।

कलेक्टर ने नहर किनारे मौजूद किसानों से भी चर्चा की। किसानों ने बताया कि पक्की नहर बनने से पानी का रिसाव कम होगा और सिंचाई सुचारू रूप से खेतों तक पहुंचेगी। इससे उत्पादन में बढ़ोतरी की संभावना भी बढ़ेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर ने पीएम आशा योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत दलहन और तिलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीद की जा रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने किसानों को क्षेत्र विस्तार के लिए प्रेरित किया और समय पर पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

ग्राम बोटेपार के किसानों ने सीसी रोड और नाली निर्माण की मांग रखी। कलेक्टर ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को बारिश से पहले स्टीमेट तैयार कर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि सिंचाई संबंधी सभी कार्यों को प्राथमिकता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाएगा, ताकि रबी और खरीफ सीजन में किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो।

निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता एनके रामटेके, एसडीओ सुयश यदु, उप अभियंता और कई किसान उपस्थित रहे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!