पीएमजीएसवाई के तहत 2.45 किमी सड़क निर्माण पूरा, ओवरहीट मटेरियल हटाकर दोबारा कराया गया काम

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत आरडीसी रोड से बाकल तक 2.45 किमी लंबी सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। विभाग ने दावा किया है कि पूरा कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया गया है और डामरीकरण के बाद परीक्षण में सड़क संतोषजनक पाई गई।

निर्माण के दौरान तकनीकी खामियां सामने आने पर विभाग ने सख्ती दिखाई। डामरीकरण के समय ठेकेदार लेखराम साहू के प्लांट में खराबी आने से डामर मिश्रण ओवरहीट हो गया था, जिसे उपयोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए तुरंत हटाया गया। इसके बाद संबंधित हिस्से में दोबारा मानक के अनुसार काम कराया गया।

अधीक्षण अभियंता दुर्ग संभाग बीएस पटेल ने सड़क का निरीक्षण कर सुधार कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कार्य को मानक अनुरूप बताते हुए संतोष जताया। विभाग के अनुसार दूसरी बार भी प्लांट में तकनीकी समस्या के कारण बिछाए गए खराब मटेरियल को ग्रेडर से हटवाकर अगले ही दिन पुनः उच्च गुणवत्ता के साथ डामरीकरण कराया गया।

कार्यपालन अभियंता ने बताया कि पूरी प्रक्रिया तकनीकी अधिकारियों की मौजूदगी में कराई गई, जिससे गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। विभाग ने ठेकेदार की लापरवाही को गंभीर मानते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और भविष्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी पर सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी है।

अपने दोस्तों को शेयर करें :