राजनांदगांव। शहर में जारी विकास कार्यों की समीक्षा के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने आज आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य सावन वर्मा, कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल, पार्षद कुलेश्वर धु्रव, पूर्व पार्षद मुकेश धु्रव और निगम तकनीकी अधिकारियों के साथ यातायात नगर जीर्णोद्धार और मेडिकल कालेज रोड निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर यादव ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और समय सीमा में कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
महापौर यादव ने बताया कि यातायात नगर जर्जर स्थिति में पहुंच चुका है, जिसके जीर्णोद्धार के लिए शासन ने बजट प्रावधान किया। इसमें रोड, नाली, पार्किंग स्थल, स्ट्रीट लाइट, सामुदायिक भवन, शौचालय और पानी की व्यवस्था का काम शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि प्रवेश द्वार पर गार्ड, जलभराव स्थल की भराई, पावर ब्लॉक, डिवाइडर और रोड साइड रंगाई-पोताई कार्य समय पर पूरा किया जाए।
आयुक्त श्री विश्वकर्मा ने कहा कि कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाए और गुणवत्ता एवं समय सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य की सतत निगरानी और मासिक समीक्षा रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
महापौर यादव ने निर्माण कार्य में गति बढ़ाने और श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रोड का डामरीकरण, दोनों ओर नाली निर्माण, डिवाइडर निर्माण और सेंटर लाइट समय पर पूरा किया जाए। रोड बनने से रोगियों और कॉलेज के विद्यार्थियों को सुविधा मिलेगी।
आयुक्त ने अधिकारियों को कहा कि नाली और डिवाइडर में पानी का प्रवाह सुचारू हो और डामरीकरण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान संविदा कार्यपालक अभियंता यूके रामटेके, प्र. सहायक अभियंता सुश्री सुषमा साहू और उप अभियंता तिलक राज धु्रव सहित ट्रांसपोर्टर उपस्थित थे।
महापौर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य की समयबद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी।

