राजनांदगांव। महापौर श्री मधुसूदन यादव ने वार्ड नं. 37 में ठेठवार पारा, आजाद चौक और बसंतपुर थाना रोड का दौरा कर साफ-सफाई और निर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों से मिलकर उन्हें स्वच्छता अपनाने और निर्माण कार्य में सहयोग करने की अपील की।
महापौर ने व्यापारियों से कहा कि वे अपने प्रतिष्ठान में डस्टबिन रखें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली का पालन करें, ताकि वार्ड साफ और व्यवस्थित बना रहे। उन्होंने विशेष रूप से नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और वार्डवासियों से अनुरोध किया कि निर्माण में किसी प्रकार की बाधा न डालें, क्योंकि यह नाली उनके घरों और दुकानों के पानी की निकासी के लिए बनाई जा रही है।
साथ ही महापौर ने गंज पारा स्कूल में चल रहे निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया और अधूरे कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थी इसका लाभ समय पर प्राप्त कर सकें।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद श्री जैनम बैद, पूर्व पार्षद श्री राजेश अग्रवाल, वार्ड के अन्य गणमान्य नागरिक नरेश बैद, मनीष गोलछा, बंशीलाल साहू, गणेश ताम्रकार, गोलू देवांगन, विक्की के साथ प्र. सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा और उप अभियंता श्री अनुप पाण्डे उपस्थित थे।

