राजनांदगांव। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से अवैध शराब और बिक्री की रकम जब्त की गई है। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान गवाहों और मोहल्लेवासियों को डराने-धमकाने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस ने अटल बिहार कॉलोनी, पेंड्री (मूल निवासी झंडा तालाब, चिचोला) निवासी सुबोध वर्मा (23 वर्ष) को अवैध रूप से शराब बेचते रंगे हाथों पकड़ा।
आबकारी अधिनियम और बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी सुबोध वर्मा के कब्जे से 10 पाव देशी प्लेन शराब और 700 रुपये नगद (बिक्री रकम) जब्त की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज किया गया।
शांति भंग करने पर अलग से शिकंजा
आबकारी कार्रवाई के दौरान आरोपी ने गवाहों और स्थानीय लोगों के साथ वाद-विवाद कर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की, जिससे शांति भंग होने की स्थिति निर्मित हो गई थी। भविष्य में संज्ञेय अपराध को रोकने के उद्देश्य से पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर पृथक से धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर जिला न्यायालय में पेश किया।


