स्टेशन रोड सौंदर्यीकरण के लिए निगम ने अतिक्रमण हटाया

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश में गठित विशेष दस्ता ने अवैध कब्जा करने वाले ठेले, खोमचे, शेड, चबूतरे और नालियों पर अतिक्रमण हटाया।

अभियान का मकसद न केवल अतिक्रमण हटाना है, बल्कि सड़क पर सुगम आवागमन और सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना भी है। निगम ने व्यापारियों और आम नागरिकों को अतिक्रमण हटाने की समझाईश दी और कार्रवाई नहीं करने पर सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी।

स्टेशन रोड का स्वागत द्वार और डिवाइडर पुरानी और खराब स्थिति में होने के कारण महापौर मधुसूदन यादव के निर्देश पर इसका जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसके तहत स्वागत द्वार में मार्बल का काम, डिवाइडर की मरम्मत और आकर्षक लाइटिंग और रोड का डामरीकरण किया जाएगा।

आज की कार्रवाई में अतिरिक्त निर्माण, प्लेटफॉर्म और शेड जेसीबी से तोड़े गए। निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा खुद मौके पर उपस्थित रहे और व्यापारियों से सहयोग की अपील की। अतिक्रमण हटाने में कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, उप अभियंता मोनेन्द्र साठिया, सह. उद्यान प्रभारी दिलीप गिरी, समयपाल चिराग मेश्राम, प्र. पटवारी मिलिन्द रेड्डी और गणेश झा सक्रिय रूप से शामिल रहे।

नगर निगम ने बताया कि यह अभियान आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यक्रम के तहत नियमित रूप से जारी रहेगा।

अपने दोस्तों को शेयर करें :