कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की समीक्षा, बारिश से पहले गुणवत्तापूर्ण पूर्ण करने के दिए निर्देश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में निर्माण विभागों की बैठक लेकर जिले में चल रहे निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने निर्माणाधीन कार्यों की अद्यतन स्थिति ली और समय-सीमा में देरी होने पर नाराजगी व्यक्त की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन कार्य बारिश से पहले गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किए जाएं। विशेष तौर पर स्कूल और आंगनबाड़ी भवनों को शीघ्र पूरा कर बच्चों को नए भवनों में अध्ययन-अध्यापन की सुविधा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्य नागरिकों की आवश्यकता के आधार पर स्वीकृत होते हैं, इसलिए इनमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

कलेक्टर ने निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्माण स्थलों का नियमित निरीक्षण करें और प्रगति की समीक्षा करते रहें। कार्य में लापरवाही या धीमी गति पर संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

इसके अलावा, सांसद और विधायक निधि के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी कार्य समयावधि में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, कार्यपालन अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री एसके चौरसिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :