राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में शिशु संरक्षण माह के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर ने बताया कि यह अभियान 17 मार्च से 21 अप्रैल 2026 तक चलेगा।
बैठक में कलेक्टर ने 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को टीकाकरण सत्र और आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विटामिन ए और आईएफ सिरप पिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला एवं बाल विकास, पंचायत और स्वास्थ्य विभाग को समान्वय के साथ कार्य करने के भी आदेश दिए।
कलेक्टर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों के समग्र शारीरिक, बौद्धिक और मानसिक विकास के लिए निर्धारित टीकाकरण सत्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पहुंचकर सिरप अवश्य दिलाएं।
शिशु संरक्षण माह के दौरान 5 मंगलवार और 5 शुक्रवार को विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें 94,403 बच्चों को आईएफ सिरप और 89,158 बच्चों को विटामिन ए सिरप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। विटामिन ए से बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, आंखों की सुरक्षा होती है, बाल मृत्यु दर में कमी आती है और दस्त, खसरा, रतौंधी जैसे रोगों से बचाव होता है।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

