राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि छोटी सड़कों का चिन्हांकन किया जाए, जहां अवैध रूप से बड़े और भारी वाहनों का आवागमन होता है। इन मार्गों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक स्थानों पर चेक पोस्ट, सीसीटीवी कैमरा और गार्डर/बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए। उनका कहना था कि इससे सड़क की गुणवत्ता बनी रहेगी और ग्रामीणों को लंबे समय तक फायदा मिलेगा।
कलेक्टर ने चिन्हांकित दुर्घटनाजन्य स्थलों में किए जा रहे सुधार कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से होने वाली मौतों में कमी लाने के लिए स्पीड ब्रेकर, साइन बोर्ड और हाईमास्ट लाइट लगाने का काम जरूरी है।
साथ ही उन्होंने हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन कराने के लिए नागरिकों को जागरूक करने के निर्देश दिए। नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई करने और नो-पार्किंग क्षेत्रों में वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री पीएम राहत योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को कैशलेस इलाज की सुविधा की जानकारी दी। योजना के मुताबिक, घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर में तुरंत अस्पताल में भर्ती कर अधिकतम 7 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपए तक का इलाज नि:शुल्क मिलेगा।
बैठक में जिला परिवहन अधिकारी श्री आनंद शर्मा, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, कार्यपालन अभियंता श्री चौरसिया और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने बैठक समाप्त करते हुए कहा, “सड़क सुरक्षा सभी का दायित्व है। नियमों का पालन कर ही हम दुर्घटनाओं को रोक सकते हैं।”

