पत्नी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने वाला पति गिरफ्तार

अपने दोस्तों को शेयर करें :

डोंगरगांव। पत्नी के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना करने वाले पति को डोंगरगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में महिला सविता बाई निषाद ने 28 नवंबर 2024 को जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका सविता बाई अपने पति पुरुषोत्तम निषाद की रोज़मर्रा की मारपीट और प्रताड़ना से हताश होकर अपने घर में जहर खाकर गंभीर रूप से घायल हुई। अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

थाना डोंगरगांव मर्ग क्रमांक 16/2025 की जांच में सामने आया कि पति पुरुषोत्तम निषाद ने लगातार पत्नी को पीटा और प्रताड़ित किया। मृतिका की बेटियों ने भी पिता द्वारा की जा रही मारपीट की पुष्टि की। पड़ोसियों के बयान, एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी प्रताड़ना की गंभीरता उजागर हुई।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना डोंगरगांव की टीम ने आरोपी पुरुषोत्तम निषाद को 17 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार और निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इस पूरी जांच में संदीप देशमुख की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :