राजनांदगांव। प्रेस क्लब राजनांदगांव के प्रतिष्ठित चुनाव का आयोजन रविवार को हुआ। इस चुनाव में अध्यक्ष सहित तीन पदों के लिए मतदान कराया गया। लगातार तीसरी बार सचिन अग्रहरि अध्यक्ष चुने गए। वहीं अनिल त्रिपाठी सचिव और बसंत शर्मा कोषाध्यक्ष पद के लिए विजयी रहे।
अध्यक्ष पद पर हुए मुकाबले में सचिन अग्रहरि को 107 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी कमलेश स्वर्णकार को 41 वोट ही मिले। इस प्रकार सचिन ने 66 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी को 74 वोट मिले, जबकि विक्रम बाजपेयी 50, सुरेंद्र गुप्ता 12, मनोज राठौड़ 6 और योगेश शर्मा 6 वोट ही हासिल कर सके। कोषाध्यक्ष पद के लिए बसंत शर्मा को 85 वोट मिले, जबकि रवि सिंह ठाकुर को 32 और प्रमोद शेंडे को 31 वोट मिले।
उच्च मतदान प्रतिशत:
इस चुनाव में कुल 158 मतदाता थे, जिनमें से 148 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जबकि मतगणना दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक पूरी हुई। इस बार मतदान का प्रतिशत 93.67% रहा। निर्वाचन अधिकारी के रूप में वरिष्ठ अधिवक्ता उमाकांत भारद्वाज, मनोज चौधरी, विमल हाजरा, मनीष तिवारी, सुनीता वर्मा, खेमराज वर्मा, नंदिनी, खुशी और नितिन साहू मौजूद रहे।
बेहतर काम का रहेगा प्रयास:
तीसरी बार अध्यक्ष बनने के बाद मीडिया से चर्चा में सचिन अग्रहरि ने कहा कि यह जीत सभी सदस्यों की है। उन्होंने बताया कि पिछले कार्यकाल में पत्रकारों के लिए आवासीय परिसर का आवंटन और संपूर्ण विकास कार्य पूरा कराया गया। इस कार्यकाल में बाकी बचे कामों को पूरा करने के साथ वंचित रहे पत्रकारों को आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इस बार भी पहले से बेहतर काम करने का प्रयास किया जाएगा।

