राजनांदगांव। दीपावली पर बाजार में खरीदारी करने वालों की भीड़ बढ़ेगी। ऐसे में शहर की सड़कों पर जाम न लगे और लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए जगह मिल सके, इसके लिए नगर निगम ने अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने की तैयारी की है। व्यापारियों के सुझाव पर शहर के 8 स्थानों का चयन किया गया है। निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने इन स्थलों पर व्यवस्था बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
कलेक्टर जितेंद्र यादव की अध्यक्षता में चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में दीपावली के दौरान यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसके बाद शहर के अलग-अलग हिस्सों में अस्थायी पार्किंग बनाने का निर्णय लिया गया।
इन जगहों पर खड़े कर सकेंगे वाहन
पुत्रीशाला, पुराना जिला चिकित्सालय, शिवाजी पार्क, पुराना दुर्गा टॉकीज के बाजू की खाली जमीन, गंज चौक, फ्लाईओवर के नीचे गुरुद्वारा के पास, महावीर चौक और पोस्ट ऑफिस चौक के पास पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इससे बाजार आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने में सुविधा मिलेगी और सड़कों पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
दुकानों के बाहर सामान रखने पर रोकने समझाइश
गुड़ाखू लाइन, जुनीहटरी, सिनेमा लाइन और हलवाई लाइन के व्यापारियों को दुकान का सामान बाहर रखने के बजाय भीतर रखने की समझाइश दी जाएगी। इससे बाजार की सड़कों पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी।
वहीं, जयस्तंभ चौक के पास सड़क पर अस्थायी पसरा लगाकर दीपावली का सामान बेचने वाले फुटकर व्यापारियों को महावीर चौक के पास फ्लाईओवर के नीचे निर्धारित जगह पर दुकान लगाने के लिए कहा जाएगा। महापौर के निर्देश पर इसके लिए जगह आरक्षित की गई है।
फुटकर व्यापारियों को करना होगा आवेदन
निगम आयुक्त जीआर मरकाम ने जयस्तंभ चौक के पास पसरा लगाने वाले फुटकर व्यापारियों से नगर निगम की आवक-जावक शाखा में आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है, ताकि उन्हें निर्धारित स्थान पर दुकान लगाने की सुविधा मिल सके।
आयुक्त ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर व्यवस्था बनाई जा रही है। चयनित पार्किंग स्थलों पर जरूरी इंतजाम करने के लिए निगम अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।





