राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस ने देर रात अत्यधिक तेज आवाज में डीजे बजाने वाले आकाश साहू (21) के खिलाफ कोलाहल अधिनियम के तहत कार्यवाही की। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से 2 साउंड बॉक्स और 2 डीजे प्लेयर जप्त किए गए।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। शहर में वर्तमान में छात्र-छात्राओं की बोर्ड परीक्षाएं चल रही हैं और बुजुर्ग एवं बीमार लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समयावधि के बाद तेज आवाज वाले डीजे पर रोक लगाई गई है।
जानकारी के अनुसार, 12 मार्च को आरके नगर चौक स्थित भवन में शादी समारोह के दौरान आकाश साहू देर रात तक डीजे चलाता रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वैध अनुमति दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया। लेकिन आरोपी कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका।
इसके बाद पुलिस ने आकाश साहू के खिलाफ इस्तगाशा क्रमांक 01/26 धारा 15 और 16 कोलाहल अधिनियम के तहत न्यायालय में पेश किया। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय का पालन करें, ताकि परीक्षाओं और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बचा जा सके।

