राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को नगर निगम द्वारा पुष्पवाटिका योगा हॉल में महिला सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह थे। इस अवसर पर महिलाओं को स्मृति चिन्ह और साड़ी देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में रेल्वे थाना प्रभारी तरूणा साहू, जे.सी.बी. चालक दम्यंती सोनी, कैंसर वारियर सिद्धी मिरानी, स्वच्छता दीदी से बी.एस.एफ. में चयनित सरस्वती साहू और मुक्तिधाम में सेवा देने वाली संतोषी ठाकुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा, “जहाँ नारी का सम्मान होता है, वहीं देवी-देवता का वास होता है। आज के दिन ही नहीं, हर दिन महिलाओं का सम्मान करना चाहिए।” उन्होंने समाज में महिलाओं की सुरक्षा, बच्चों की शिक्षा और शहर के स्वच्छता व विकास कार्यों पर जोर दिया।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, छ.ग. श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष खूबचंद पारख, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, कृषि उपज मंडी के पूर्व उपाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल सहित अन्य गणमान्य अधिकारी मौजूद थे।
सम्मान समारोह में महिलाओं के लिए सत्रवार संगोष्ठी भी आयोजित की गई। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरूचि सिंह ने स्वच्छता और जल संरक्षण पर सारगर्भित जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कानून और अधिकारों से संबंधित जागरूकता दी। राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज की विभागाध्यक्ष डॉ. ज्योति यादव ने महिलाओं को स्वस्थ जीवन और पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी।
महापौर ने कहा कि नगर निगम द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह और संगोष्ठी महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास है। उन्होंने स्वच्छता सर्वेक्षण में उच्च स्थान प्राप्त करने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।
सम्मान समारोह का शुभारंभ भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्र में माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित और राजगीत के साथ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, पार्षद और नागरिक उपस्थित रहे।

