राजनांदगांव। शहर में प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने के लिए महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर के प्रमुख जलाशय बूढ़ासागर और रानीसागर का भी निरीक्षण किया और सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक जलाशयों के सौंदर्यीकरण से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
महापौर, पूर्व सांसद और कलेक्टर ने गौरव पथ में निर्माणाधीन नालंदा परिसर और कुंज विहार कॉलोनी में प्रस्तावित 2000 सीटर ऑडिटोरियम स्थल का भी अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को शीघ्र कार्य योजना तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य और टर्फ की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम गौतम पाटिल, कोमल सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी निरीक्षण में उपस्थित रहे।

