महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर, महतारी सम्मेलन में मिला संदेश

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने गांधी सभागृह में महतारी सम्मेलन आयोजित किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही महिलाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि महिलाएं अब पुरुषों के बराबर ही नहीं, बल्कि उनसे आगे बढ़ने की क्षमता भी रखती हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।

पूर्व उपाध्यक्ष बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति खूबचंद पारख ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा को निखारना और उन्हें नेतृत्व के लिए प्रेरित करना समाज के विकास में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता का महत्व बताया और कहा कि इससे परिवार और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरूचि सिंह ने महिलाओं से कहा कि अशिक्षा, अस्वच्छता और कुपोषित बच्चा किसी भी हाल में नहीं होना चाहिए। उन्होंने तिरंगा भोजन की अवधारणा अपनाने और महतारी वंदन राशि का सोच-समझकर उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, स्वच्छता और पोषण के क्षेत्र में परिवार और समाज को प्रेरित करना चाहिए।

कार्यक्रम में अध्यक्ष जनपद पंचायत प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य देव कुमार साहू, शीला सिन्हा, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत अनिता सिन्हा, पार्षद शिव वर्मा समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

महतारी सम्मेलन ने यह संदेश दिया कि आज की महिलाएं केवल परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

अपने दोस्तों को शेयर करें :