अटल वयो अभ्युदय योजना : जिले के 25 वरिष्ठ नागरिकों का एम्स रायपुर में होगा निःशुल्क ऑपरेशन

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। अटल वयो अभ्युदय योजना अंतर्गत मोतियाबिंद मुक्त भारत अभियान के तहत जिले के चिन्हांकित 25 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क ऑपरेशन के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायपुर रवाना किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय परिसर से विशेष वाहन को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर भेजा गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जागृति यदु, श्रीमती शीला सिन्हा, श्रीमती किरण बारले एवं सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह उपस्थित थीं।

उप संचालक समाज कल्याण श्रीमती वैशाली मरडवार ने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का नेत्र परीक्षण कुशल नेत्र सहायकों द्वारा किया गया। योजना का उद्देश्य छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश को मोतियाबिंद मुक्त बनाना है। जिले को इस अभियान के तहत 100 वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन का लक्ष्य दिया गया है।

प्रथम चरण में चयनित 25 वरिष्ठ नागरिकों को उनके परिजनों के साथ विशेष वाहन से एम्स रायपुर भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा जांच के बाद निःशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

चिन्हांकित मरीजों के साथ नोडल अधिकारी श्रीमती सुखमा चन्द्रवंशी के नेतृत्व में सहयोगी संतोष साहू, श्रीमती कंचनकला मेश्राम, श्रीमती आराधना थवाईत, समीर क्षत्री सहित टीम रवाना हुई।

अपने दोस्तों को शेयर करें :