कलेक्टर ने कलेक्टोरेट में किया ध्वजारोहण, सभी को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया। कलेक्टर श्री यादव ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि 26 जनवरी 1950 को हमारे देश का संविधान लागू हुआ था, और इसे समझने के लिए हमें संविधान की प्रस्तावना को जानना आवश्यक है। उन्होंने आगे कहा कि संविधान में समाज के लिए जो प्रावधान किए गए हैं, वह प्रस्तावना में स्पष्ट रूप से निहित हैं और हमें इन्हें समझकर पालन करना चाहिए।

कलेक्टर ने सभी से देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कलेक्टोरेट आने वाले जरूरतमंद लोगों की मदद करें और संवेदनशीलता के साथ उनका मार्गदर्शन करें। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षाएं जताते हुए कहा कि सभी को अपने कार्यों में तत्परता और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ना चाहिए, ताकि देश के विकास में योगदान दिया जा सके।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, सुश्री सुरूचि सिंह ने भी सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि हमारा देश आज विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है, और इसे और आगे बढ़ाने के लिए सभी को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

अपने दोस्तों को शेयर करें :
error: Content is protected !!