पार्षद की पहल पर महावीर वार्ड में लगा आधार शिविर, 14 मासूमों का बना कार्ड

अपने दोस्तों को शेयर करें :

राजनांदगांव। नगर निगम क्षेत्र के महावीर वार्ड क्रमांक 37 में तीन वर्ष तक की आयु के मासूम बच्चों के लिए आधार पंजीयन शिविर का आयोजन किया गया। गंज चौक स्थित पार्षद कार्यालय में शनिवार को आयोजित इस शिविर में वार्डवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने बच्चों का आधार कार्ड बनवाया। दिनभर चले इस शिविर में कुल 14 बच्चों का सफलतापूर्वक आधार पंजीयन किया गया।

स्थानीय भाजपा पार्षद जैनम बैद ने बताया कि छोटे बच्चों के आधार कार्ड बनवाने के लिए परिजनों को दूरदराज के केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभिभावकों की इसी सुविधा को ध्यान में रखते हुए वार्ड स्तर पर ही इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया।

शासकीय योजनाओं और स्कूल प्रवेश में मिलेगी मदद
पार्षद बैद ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य वार्ड के शत-प्रतिशत बच्चों को पहचान पत्र की सुविधा से जोड़ना है। समय पर आधार कार्ड बन जाने से भविष्य में बच्चों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने, आंगनबाड़ी व स्कूलों में प्रवेश कराने सहित अन्य आवश्यक कार्यों में किसी तरह की असुविधा नहीं होगी।

उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वार्ड में इस तरह के जनउपयोगी शिविर आगे भी लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को जरूरी सेवाएं उनके घर के पास ही मिल सकें। कार्यक्रम के सफल समापन पर उन्होंने सहयोग प्रदान करने वाले सभी कर्मचारियों व वार्डवासियों का आभार जताया।

अपने दोस्तों को शेयर करें :