राजनांदगांव। अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ की जिला कार्यकारिणी की महाबैठक 21 सितंबर 2025 को शहर के ऐतिहासिक श्री बाला बाबा मंदिर, सोनारपारा स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में दोपहर 1:00 बजे से आयोजित की गई है। बैठक में संगठन विस्तार, पुजारी-पुरोहितों की सामाजिक स्थिति और सनातन धर्म के संरक्षण जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजनीय देव कुमार निर्वाणी जी, छत्तीसगढ़ प्रदेश संयोजक डॉ. सौरभ निर्वाणी तथा प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र दास विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी जिला सचिव ज्ञानेश्वर दास वैष्णव ने दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में मठ-मंदिरों और पुजारी-पुरोहितों की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। ऐसे में पूरे संत समाज, पुरोहितों, पंडितों और कथा वाचकों का एकजुट होकर संगठित होना आवश्यक हो गया है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म की जड़ों को मजबूत करने और समाज में पुजारी वर्ग की गरिमा बनाए रखने के लिए अखिल भारतीय पुजारी पुरोहित संघ निरंतर प्रयासरत है। इसी उद्देश्य से आज की बैठक रखी गई है, जिसमें समस्त पदाधिकारियों और सदस्यों से समय पर उपस्थित होने की अपील की गई है।
बैठक में धार्मिक सामाजिक विषयों, संघटनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना है।

